
रायगढ़। साल 2024 में पहली बार ऐसा हो रहा है, कि कल रविवार को भी जिले की सभी बैंक रहेगी। दरअसल महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं का बैंक खाता आधार लिंक व डीबीटी सक्रिय करने के उद्देश्य कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने यह निर्देश दिए है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन की कार्यवाही की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र 21 वर्ष से अधिक विवाहित महिला महिला, त्यागशुदा महिला, परित्यक्ता महिला को प्रतिमाह एक हजार रूपये की राशि उनके आधा लिंक खातें में डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाना है। जिले में बैंक के माध्यम से बैंक खातों को आधार से लिंक करने हेतु 39 हजार का लक्ष्य है जिसमें से जिले के अधिकांश महिलाओं का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं हुआ है। उक्त कार्य को समय-सीमा में 5 मार्च तक पूर्ण किया जाना है। जिसके तहत अवकाश दिवस में महिलाओं का बैंक खाता आधार लिंक व डीबीटी सक्रिय करने के निर्देश है। जिले के सभी ब्रांच को 3 मार्च रविवार को केवल महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन हेतु बैंक की कार्यालयीन व्यवस्था चालू रखने हेतु निर्देशित किया गया है।