
BIRSA MUNDA DHARTI AABA
धमतरी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बीते 2 अक्टूबर को ’’धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ का शुभारंभ किया गया। जिले में यह कार्यक्रम आगामी 15 नवम्बर से शुरू होगा। इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय बाहुल्य ग्रामों तथा जनजातीय परिवारों के लिए विभिन्न योजनाओं पक्का घर, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य की सुविधाओं का विस्तार आदि में सेच्युरेशन कर जनजातीय समुदायों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति में सुधार लाकर जनजातीय ग्रामों का समग्र विकास करना है।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान में जिलें के ऐसे अनूसूचित जनजाति ग्राम शामिल है, जहां अनूसूचित जनजाति की जनसंख्या 500 से अधिक अथवा 50 प्रतिशत अनूसूचित जनजाति बाहुल्य है। जिले के चयनित अनूसूचित जनजाति के चारों विकासखंड अंतर्गत 97 ग्राम पंचायतों के 108 अनूसूचित जनजाति बाहुल्य ग्रामों के 17 हजार 282 परिवारों के 76 हजार 560 जनसंख्या शामिल है। यह अभियान 05 वर्षों के लिए होगा, इसमें 17 मंत्रालयों द्वारा क्रियान्वित किये जाने वाले 25 विभाग शामिल हैं।
जिसमें ग्रामीण विकास, जल शक्ति, विद्युत, नवीनकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, महिला और बाल विकास, शिक्षा, आयुष, दूरसंचार, कौशल विकास और उद्यमिता, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि और किसान कल्याण, मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी, पंचायती राज पर्यटन और संस्कृति तथा जनजातिय मंत्रालय शामिल है।