Site icon छत्तीसगढ़ बातचीत

आम चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न

आम चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न

Aam chunav 2024

दिल्ली। आम चुनाव 2024 के दूसरे चरण के मतदान के तहत 88 लोकसभा सीटों पर शाम 7 बजे तक लगभग 60.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ था। 13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के मतदाता गर्म मौसम की स्थिति के बावजूद पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए आगे आए। नवविवाहितों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों, जनजातियों से लेकर आईटी पेशेवरों, दिव्यांगों, महिलाओं और युवाओं तक, सभी वोट डालने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। चरण-2 के समापन के साथ, आम चुनाव 2024 के लिए 14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान पूरा हो गया है।

सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान सुचारू और शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार के नेतृत्व में आयोग ने ईसी ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ सुबह से ही मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए गए, जिससे मतदाताओं के लिए बिना किसी डर या भय के वोट डालने के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया। इस दौरान, 1 लाख से अधिक मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की गई।

Exit mobile version